जन-जन की सरकार, जन के द्वार कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब

रुद्रप्रयाग। विकासखंड ऊखीमठ सभागार में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन के द्वार’ कार्यक्रम में जनता की समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भागीदारी की। कार्यक्रम में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान कुल 82 शिकायतें एवं जनसमस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 70 से अधिक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2023 की केदारनाथ आपदा में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याएं एवं विकास संबंधी मांगें विधायक के समक्ष रखीं। जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्पवान ने परकंडी क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं का उल्लेख करते हुए पर्यटन विकास योजनाओं को स्वीकृति देने तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई। ग्राम प्रधान प्रदीप सिंह राणा ने नारायणकोटी, रिडकोट और कालीमठ क्षेत्र की बस्तियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए काली माता धाम तक वैकल्पिक मोटर मार्ग निर्माण की मांग की। वहीं, ग्राम प्रधान सोनिया देवी ने ऊखीमठ-अकतोलीधार मोटर मार्ग के डामरीकरण का मुद्दा उठाते हुए सड़क की जर्जर स्थिति से ग्रामीणों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया।
ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह ने गैड बस्ती मोटर मार्ग निर्माण कार्य में लंबे समय से हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र कार्य शुरू कराने की मांग रखी, जबकि ग्राम प्रधान आशा देवी ने गत वर्ष अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त हुए ल्वारा-अखोडी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण की आवश्यकता बताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से संवाद किया।
इस अवसर पर विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन के द्वार’ कार्यक्रम शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी अनिल रावत, तहसीलदार ऊखीमठ निशांत कांबोज, खंड विकास अधिकारी अनुष्का, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, अधिशासी अभियंता राकेश प्रकाश नैथानी, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत, जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *