आज शीतकाल के लिए बंद होंगे केदारनाथ धाम के कपाट

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज 11 नवंबर को शीतकाल के लिए विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार बंद किए जाएंगे। कपाट बंद होने के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं केदारनाथ धाम पहुंच गए हैं।
मंगलवार को बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली ने केदारनाथ मंदिर में प्रवेश किया। इसके साथ ही कपाट बंद होने से संबंधित धार्मिक परंपराओं एवं अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो गया है। आज बुधवार प्रातः निर्धारित शुभ मुहूर्त में बाबा केदार के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन सभी व्यवस्थाएं चाक-चैबंद करने में जुटा है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, आवास, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उधर, पुलिस विभाग ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सुचारु आवागमन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाएं तत्पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग, विद्युत, पेयजल, लोक निर्माण विभाग, नगर निकाय, सुलभ सहित अन्य संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों के निर्वहन में जुटे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि बाबा केदार के कपाट बंद होने का पावन धार्मिक समारोह परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुरूप श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *