ए आर एम संजीव यादव लोकनायक जयप्रकाश अवार्ड से सम्मानित

नयी दिल्ली: ए आर एम कासगंज संजीव यादव को विगत दिवस लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर जनपथ स्थित जनपथ होटल बिल्डिंग के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के समवेत सभागार में लोकनायक जयप्रकाश अवार्ड से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान  संजीव यादव को सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान गया। उनको यह सम्मान केन्द्रीय संस्कृति एवं संसदीय कार्य मंत्री  अर्जुनराम मेघवाल, प्रसिद्ध गांधीवादी-समाजवादी विचारक माननीय रघु ठाकुर एवं दिल्ली विश्व विद्यालय के पूर्व कुलपति एवं प्रख्यात शिक्षाविद पद्मश्री प्रो.दिनेश सिंह ने प्रदान किया। यह सम्मान लोकनायक जयप्रकाश अंतराष्ट्रीय अध्ययन विकास केन्द्र ने प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के सहयोग से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रदान किया । इस अवसर पर मिजोरम के रेजिडेंट कमिश्नर, आई जी  अजय चौधरी, आई पी एस, वरिष्ठ पत्रकार , लेखक एवं चर्चित पर्यावरणविद  ज्ञानेन्द्र रावत, जनता दल यू के राष्ट्रीय महासचिव  राजीव रंजन प्रसाद,पर्यावरणविद  प्रशांत सिन्हा, मोहम्मद सज्जाद खान,  नरेन्द्र सिंह यादव, राजस्थान के प्रमुख पर्यावरण कार्यकर्ता जगवीर सिंह चौधरी सहित सैकडो़ं प्रमुख शिक्षाविदों, समाज विज्ञानियों, पत्रकारों, बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों , अधिकारियों, मित्रों,सहयोगियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति उल्लेखनीय थी ।

गौरतलब है कि  संजीव यादव सामाजिक एवं शिक्षा व छात्रों के बौद्धिक-शैक्षणिक विकास तथा उन्नयन हेतु बरसों से पुस्तक मेलों का आयोजन व गरीब छात्रों के शैक्षिक विकास हेतु निशुल्क पुस्तकें उपलब्ध करवा रहे हैं। वह अपनी युवावस्था से ही समानभाव के युवाओं को संगठित कर समाज में व्याप्त कुरीतियों, गैर बराबरी के खात्मे, स्वामी विवेकानंद कल्याण समिति के माध्यम से निराश्रित बुजुर्गों और अनाथ बच्चों के कल्याणार्थ कार्य करने, निर्धन व साधनहीन छात्रों के विकास हेतु निशुल्क कोचिंग व प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु उन्हें तैयार करने को  यादव ने अपने जीवन का लक्ष्य बना लिया है। राज्य सड़क परिवहन निगम को आय की दृष्टि से सर्वाधिक उन्नत बनाने का  यादव का रिकार्ड है। निगम कर्मियों के कल्याण हेतु हरपल तत्पर रहने वाले  यादव ने कर्मचारी कल्याण कोष की स्थापना की है जिससे असमय आपदा की स्थिति में कर्मचारियों की आर्थिक मदद की जाती है। उनकी परिवहन निगम के बेहद जनप्रिय व ईमानदार अधिकारी की छवि है। इससे पहले वह एटा में सड़क परिवहन निगम में भी सहायक प्रबंधक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

इनके अलावा प्रख्यात गांधीवादी समाजवादी विचारक रघु ठाकुर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड व शिक्षा हेतु  प्रो.दिनेश सिंह, मीडिया के लिए वरिष्ठ पत्रकार, पूर्व सांसद  संतोष भारतीय,साहित्य हेतु  सत्यनारायण, कला-संस्कृति हेतु पद्यविभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्र, समाज सेवा हेतु डा.प्रकाश आमटे, फौल्क आर्ट हेतु खाटू सपेरा, महिला उत्थान हेतु आशा सहाय चौधरी, पर्यावरण हेतु राजस्थान के जयपुर जिले के  लक्ष्मण सिंह लापोडिया , खेल हेतु क्रिकेटर  सुरेन्द्र खन्ना, कुशल प्रशासन हेतु  प्रदीप के मोहन्ती, कत्थक नृत्य हेतु सुश्री तराना, सड़क सुरक्षा हेतु  शैलैश सिन्हा, कोरोना योद्धा हेतु श्री गोपाल सिंह, सुशासन हेतु डा.अमनदीप सिंह आई पी एस, रंगमंच हेतु प्रख्यात रंगकर्मी  भारत रत्न भार्गव, फोटोग्राफी हेतु  शैलेन्द्र कुमार, लोककला हेतु  अशोक भौमिक, पेन्टिंग हेतु  वीरेश्वर भट्टाचार्य और थियेटर हेतु भारत रत्न भट्टाचार्जी आदि इक्कीस प्रतिभाओं को लोकनायक जयप्रकाश अवार्ड से सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के अंत में केन्द्रीय संसदीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने जयप्रकाश नारायण की समृति मे दिल्ली में एक शोध केन्द्र व संग्रहालय की स्थापना की घोषणा की। समारोह के समापन पर केन्द्र के महासचिव  अभय सिन्हा ने कार्यक्रम की सफलता हेतु सभी उपस्थित महानुभावों, अतिथियों और सम्मानितों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *