स्कूटी-स्कॉर्पियो की टक्कर में तीन युवकों की मौत

हल्द्वानी। उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग के टांडा जंगल क्षेत्र का है, जहां स्कूटी और स्कॉर्पियो कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, जसपुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत, हरिद्वार निवासी 22 वर्षीय रोहन और रामपुर (यूपी) निवासी 24 वर्षीय आकाश एक कंपनी में कार्यरत थे। तीनों एक विवाह समारोह में शामिल होने हल्द्वानी आए थे। समारोह से लौटते समय उनका एक मोबाइल हल्द्वानी में ही छूट गया, जिसे लेने के लिए तीनों रात करीब 12 बजे फिर से स्कूटी से हल्द्वानी की ओर निकल पड़े।
बताया जा रहा है कि संजय नगर से करीब दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल क्षेत्र में सामने से आ रही स्कॉर्पियो कार से उनकी स्कूटी की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कॉर्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पंतनगर थाना पुलिस और सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *