हरिद्वार में ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ कार्यक्रम का शुभारंभ
हरिद्वार। आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को विकास भवन, हरिद्वार में ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंशी लाल राणा ने किया। यह पहल आईटीसी लिमिटेड एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच 10 जुलाई को हुए समझौता ज्ञापन (डवन्) के अंतर्गत शुरू की गई है। इसका उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, देखभाल एवं गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा को एकीकृत करते हुए उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण देखभाल एवं प्रभावी स्कूल-पूर्व शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें विद्यालय के लिए तैयार करना है। इसके तहत आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त एवं बाल-अनुकूल शिक्षण केंद्रों के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
आंगनवाड़ी केंद्रों में खेल-खेल में सीखने, कहानी सुनाने, कविता एवं गीत, चित्रों, खिलौनों तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की भाषा एवं संचार क्षमता, तार्किक सोच, रचनात्मकता, सामाजिक-भावनात्मक विकास और शारीरिक कौशल को बढ़ावा दिया जाएगा। बच्चों की आयु एवं विकास के स्तर के अनुरूप गतिविधियां आयोजित कर उनमें रंगों, आकारों, गिनती, पहचान, सुनने-बोलने, प्रश्न पूछने और अपनी बात व्यक्त करने जैसी प्रारंभिक क्षमताओं का विकास किया जाएगा।
इस पहल के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित कर्मियों की क्षमता संवर्धन पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर पोषण, देखभाल और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा प्रदान कर सकें। कार्यक्रम की परिकल्पना है कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल पोषण एवं देखभाल के स्थान न रहकर बच्चों के सीखने, खेलने और प्रतिभा निखारने के आनंदपूर्ण केंद्र बनें।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदौरिया, सुलेखा सहगल सहित विभागीय बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आईटीसी लिमिटेड की ओर से अनंत महेश्वरी, पामिश कुमार, सचिन एवं उज्ज्वल शर्मा सहित पूरी टीम ने सहभागिता की। वहीं संस्था से गुलाम, मासी एवं उनकी टीम तथा प्रथम संस्था से अशलेषा, शिखा, कुलदीप प्रजापति एवं अतुल तिवारी सहित प्रथम, सहयोगी दल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ पहल बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्षों को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा को एक साथ जोड़कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने तथा उन्हें विद्यालयी शिक्षा के लिए तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
