उत्तराखण्ड के विकास में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिकाः महाराज

एकेश्वर (पौड़ी)। किसी भी प्रदेश और देश के विकास में श्रमिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। हमारे श्रमिक भाई-बहन अपने कठिन परिश्रम और समर्पण से प्रदेश के विकास की आधारशिला रखते हैं। सड़कों, पुलों, भवनों, विद्यालयों, अस्पतालों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में उनका अमूल्य योगदान रहता है। उक्त बात प्रदेश कैबिनेट मंत्री और चैबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन रविवार को विकासखण्ड मुख्यालय एकेश्वर (पणखेत) में उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा आयोजित मेगा शिविर का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ  करते हुए कही। उन्होंने जनकल्याणकारी आयोजन के लिए श्रम विभाग एवं भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारी सरकार विकास में योगदान देने वाले श्रमिकों के जीवन में खुशहाली, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। हमारा मानना है कि श्रमिक केवल निर्माण कार्यों में ही योगदान नहीं देते, बल्कि वे एक सशक्त और विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस शिविर की विशेषता यह है कि इसके माध्यम से श्रमिक परिवारों को एक ही स्थान पर अनेक महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री श्रमिक शिक्षण सामग्री वितरण के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा। शिक्षा ही वह माध्यम है, जो आने वाली पीढ़ी के भविष्य को बेहतर बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाती है। श्री महाराज ने कहा कि इस शिविर में स्वच्छता सामग्री का भी वितरण किया गया है।
जो कि श्रमिक परिवारों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होगा। पोषण सामग्री का वितरण भी एक महत्वपूर्ण पहल है, क्योंकि स्वस्थ शरीर और संतुलित पोषण ही स्वस्थ समाज की नींव हैं। उन्होंने ने शिविर में श्रमिकों के लिए 46 प्रकार की स्वास्थ्य जांचों की सुविधा उपलब्ध कराने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य किसी भी व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है। विशेषकर श्रमिक वर्ग, जो कठिन परिस्थितियों में कार्य करता है, उसके लिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के शिविरों से श्रमिकों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी प्राप्त करने और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श लेने में सुविधा मिलती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मेगा शिविर में 177 श्रृमिकों को शिक्षण सामग्री किट, 160 स्वच्छता किट और 180 श्रृमिकों को पोषण किट का वितरण किया गया। शिविर में कुल 180 श्रृमिकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री एवं चैबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज एक विभागीय एंबुलेंस का फीता काट कर शुभारंभ किया। इसका संचालन स्वास्थ्य सेवाओं के दृष्टिगत एकेश्वर एवं अन्य क्षेत्रों में भी किया जायेगा। कार्यक्रम के पश्चात श्री महाराज ने भाजपा मण्डल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान एकेश्वर भाजपा मण्डल अध्यक्ष राकेश नैथाणी, महामंत्री सुनील रावत, विधानसभा प्रभारी दर्शन दानू, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य शुयश रावत, पूर्व प्रमुख नरेन्द्र डंडरियाल, पूर्व मण्डल अध्यक्ष सत्यराज सिंह, गणेश, डा० मन‌मोहन घिल्डियाल, अशोक पुण्डीर, विधायक प्रतिनिधि देवेन्द्र भट्ट, महिला मोर्चा मण्डल अध्यक्ष सीमा सजवाण, श्रमायुक्त एस०एस० रांगड, लेवर इन्स्पेक्टर एम.के. बेलवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष राजेश्वर जाशी, महामंत्री पंकज डोबरियाल, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख मुकेश कण्डारी, जिला मंत्री वृजमोहन रावत सहित समस्त ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *