जूता शोरूम में कर्मचारियों के कथित उत्पीड़न को लेकर विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा काटा

देहरादून। रविवार को राजपुर रोड स्थित एक जूता शोरूम में कर्मचारियों के साथ कथित उत्पीड़न, भेदभाव और आर्थिक अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। इस दौरान प्रबंधक के नेम प्लेट पर जिहादी लिख दिया।
संगठन ने दावा किया कि उसे डाक के माध्यम से प्राप्त शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
संगठन के अनुसार हाल ही में शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए जटायु दस्ता नाम से नई व्यवस्था शुरू की गई है।
इसी क्रम में विपिन सिंह रौथाण नामक व्यक्ति की ओर से भेजा गया शिकायत पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें शोरूम के कुछ प्रबंधकीय कर्मचारियों पर हिंदू कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार और दबाव बनाने के आरोप लगाए गए थे।
शिकायत में कार्य समय, वेतन कटौती और कथित वित्तीय लेन-देन को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि कुछ कर्मचारियों के साथ असमान व्यवहार किया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा व संयोजक कमल बिजलवाण के नेतृत्व में टीम शोरूम पहुंची। संगठन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। प्रबंधन की ओर से संगठन को बताया गया कि मामले की आंतरिक जांच पहले से चल रही है और कंपनी स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।संगठन का कहना है कि एक कर्मचारी से जुड़े आरोपों की जांच कंपनी द्वारा की जा रही है। बजरंग दल पदाधिकारियों ने शोरूम प्रबंधन को भविष्य में ऐसी शिकायत दोबारा सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।फिलहाल मामला कंपनी की आंतरिक जांच और प्रशासनिक समीक्षा के दायरे में बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *