मुहब्बत की दुकान वालों के मन में मोदी के प्रति नफरत भरीः भट्ट

देहरादून। भाजपा ने पीएम मोदी पर दिए आपत्तिजनक बयान की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए प्रदेशभर में खड़गे का पुतला फूंक विरोध जताया।  प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा खड़गे का ये बयान बताता है कि मुहब्बत की दुकान वालों के मन में मोदी के प्रति कितनी नफरत भरी हुई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम नरेंद्र मोदी के पिताको लेकर अभद्र टिप्पणी के विरोध में सभी जनपदों में जबरदस्त विरोध जताया। जिसमें कार्यकर्ताओं द्वारा खड़गे का पुतला फूंकते हुए, उनके द्वारा किए  अपमान के विरोध में नारेबाजी की। इस दौरान एक स्वर में सभी ने राहुल गांधी और खड़गे से सार्वजनिक रूप से पीएम से अविलंब माफी की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने आक्रोश जताते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता सार्वजनिक जीवन में नैतिकता और संस्कार पूर्णतया भूल चुके हैं। वे चुनावों में बार बार मिली हार से इतना बौखला गए हैं कि उनके लिए शब्दों की मर्यादाएं भी समाप्त हो चुकी हैं। कभी प्रधानमंत्री जी की माताजी के लिए अपशब्द बोलना, कभी प्रधानमंत्री जी के पिताजी के लिए अपशब्द बोलना।और खास तौर पर जो किसी बड़े दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हों, जब उनके मुंह से ऐसे शब्द निकलते हैं, तो उसका आक्रोश पार्टी के कार्यकर्ताओं में होना स्वाभाविक है। जिसके चलते आज संपूर्ण देश भर के अंदर हमारे कार्यकर्ता प्रदर्शन किया हैं और कांग्रेस नेतृत्व से प्रधानमंत्री से माफी मांगने की मांग की है। इस प्रकार की अशोभनीय एवं शर्मनाक बयानबाजी को लोकतंत्र में किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
वहीं उन्होंने हैरानी जताई कि ऐसी अपमानजनक बातें कौन कर रहा है जिनके नेता राहुल गांधी, मुहब्बत की दुकान का दावा करते कभी थकते नहीं हैं। जिस तरह की शब्दावली खड़गे द्वारा मोदी के लिए प्रयोग की गई वह पुनः साबित करती है कि मुहब्बत का दावा करने वालों के मन में कितनी नफरत मोदी जी के प्रति भरी हुई है। वहीं आरोप लगाया कि ये सब स्वयं राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी के प्रति अपमानजनक, अश्लील एवं अभद्र टिप्पणियां से प्रेरित है। समूची कांग्रेस में अपने युवराज की खुश करने के लिए देशभक्तों और सनातन प्रेमियों के खिलाफ अपमानजनक शब्दावली इस्तेमाल की होड लगी हुई है। देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस नेताओं का असली चरित्र देख रही है अपना वोट खुलेआम भाजपा को दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *