वन्यजीव संघर्ष में साहस दिखाने वाले 18 लोगों को 51-51 हजार रुपये देगी सरकारः धामी

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को एफआरआई परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वन्यजीव सप्ताह-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने वन्यजीव संघर्ष के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जान बचाने वाले 18 लोगों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित लोगों को 51-51 हजार रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों और वन्यजीव फोटोग्राफी पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने वन्यजीव विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रत्येक जिले में कम से कम एक नए पर्यटन स्थल की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखते हुए इन स्थानों पर पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में चिड़ियाघर की परिकल्पना को सरकार ने अपने घोषणा पत्र में शामिल किया है। इस दिशा में तेजी से काम किया जाएगा, जिससे यह वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण शिक्षा और पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र बन सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन्यजीव हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। सनातन संस्कृति ने हमेशा मानव और जीव-जगत के बीच सह-अस्तित्व का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि वन्यजीवों के जंगल सुरक्षित रहें और उनके आवागमन के रास्ते खुले रहें। विकास परियोजनाओं के साथ वन्यजीवों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है। दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा इसका उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि हिमालय, घने जंगल, नदियों, झीलों और समृद्ध जैव विविधता से संपन्न उत्तराखंड की सबसे बड़ी पूंजी उसकी प्रकृति है। कॉर्बेट और राजाजी जैसे राष्ट्रीय उद्यान राज्य की पहचान हैं, जहां वर्षभर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। सरकार प्रकृति के साथ संतुलन बनाते हुए वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा दे रही है, ताकि जंगल सुरक्षित रहने के साथ स्थानीय लोगों की आय भी बढ़े। मुख्यमंत्री ने बताया कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघों के पुनर्स्थापन की परियोजना का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। उन्होंने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिम तेंदुआ पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए वन विभाग को इस दिशा में तेजी से काम करने के निर्देश दिए। इससे हिम तेंदुए के संरक्षण के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, राजीव तलवार, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल, प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक नीना गैरवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *