उत्तरकाशी: प्रभारी जिलाधिकारी गौरव कुमार ने महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यापर्ण व पुष्प अर्पित कर श्रदांजलि दी।

उत्तरकाशी : जनपद में गांधी जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। प्रभारी जिलाधिकारी गौरव कुमार ने राष्ट्रीय पिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यापर्ण व पुष्पांजलि देकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। वहीं अपर जिलाधिकारी तीर्थपाल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज सोनी ने भी पुष्प अर्पित कर श्रदांजलि दी।
कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्रों द्वारा महानुभावों को याद किया गया तथा रामधुन भी गाई गई। इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी/सीडीओ गौरव कुमार ने गांधीजी के जीवन संघर्ष उनकी देशसेवा,जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश आज 152वीं गांधी जयंती मना रहा हैं। कहा कि राष्ट्र पिता महात्मा गांधी ने देश को अंग्रेजों के चंगुल से मुक्त कराने में सबसे अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने अपने सत्य और अहिंसा के सिद्धांत के दम पर अंग्रेजों को कई बार घुटने टेकने पर मजबूर किया। पूरी दुनिया ने उनके अहिंसा के सिद्धांत को सलाम किया,यही वजह है कि पूरी दुनिया इस दिन को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाती है। महात्मा गांधी के विचार हमेशा भारत ही नहीं अपितु पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने को लेकर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता प्रतिज्ञा की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहें।