भोजपत्र की राखी से मातृशक्ति ने दिया आत्मनिर्भरता और लोकसंस्कृति का संदेश

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी मातृशक्ति ने भोजपत्र से निर्मित विशेष राखियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजीं। ऊखीमठ विकासखंड सभागार में मुख्यमंत्री सशक्त बहना योजना के अंतर्गत विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को भोजपत्र से राखी तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं ने अपने पारंपरिक हुनर और सृजनशीलता का परिचय देते हुए भोजपत्र को आकर्षक रक्षासूत्र का स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों की मातृशक्ति को स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने हुनर और मेहनत को आजीविका से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
विधायक ने कहा कि भोजपत्र से राखी तैयार करने की पहल स्थानीय संस्कृति एवं पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण और प्रोत्साहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कौशल को रोजगार से जोड़कर अपनी अलग पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का आत्मविश्वास और सृजनशीलता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा, आत्मीयता और संकल्प का प्रतीक भी है। केदारनाथ विधानसभा की बहनों द्वारा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजी गई भोजपत्र की राखी इसी भावना के साथ राष्ट्रसेवा और जनसेवा में समर्पित नेतृत्व के प्रति अपनी आत्मीय भावनाओं की अभिव्यक्ति है।
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी अनीता पंवार, मीना भट्ट, धूमा देवी, संगीता देवी, योगेश गौड़, मास्टर ट्रेनर प्रेमलाल भारती, रेखा देवी, दर्शनी देवी, आशा देवी, विशेश्वरी देवी, अर्चना देवी एवं हेमा देवी सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *