बाबा विश्वनाथ एवं माँ जगदीशिला की 27वीं डोली रथ यात्रा पहुंची गोपेश्वर
गोपेश्वर। बाबा विश्वनाथ एवं माँ जगदीशिला की 27वीं डोली रथ यात्रा का क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के स्वागत में श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं, जयकारों एवं पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ डोली का अभिनंदन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निकटवर्ती सगर गांव में गोपेश्वर के सुबोध प्रेम विद्यामंदिर और घनश्याम स्मृति पहाड़ी फूड सागर के संस्थापक राकेश गैरोला ने डोली यात्रा के रात्रि विश्राम के दौरान भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया। गैरोला ने डोली यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक चेतना को जागृत बनाए रखने के लिए इस तरह के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। घनश्याम स्मृति पहाड़ी फूड सगर ने इस अवसर को यादगार बनाए रखने का भरपूर प्रयास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यात्रा संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ, माँ जगदीशिला डोली रथ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि देव संस्कृति, लोक परंपराओं एवं सामाजिक समरसता को जोड़ने वाला एक आध्यात्मिक अभियान है। यह यात्रा विगत 27 वर्षों से निरंतर प्रदेशभर में भ्रमण कर लोगों को विश्व शांति, भाईचारे एवं संस्कृति संरक्षण का संदेश दे रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान केवल पर्यटन प्रदेश के रूप में नहीं, बल्कि तीर्थाटन एवं आध्यात्मिक चेतना के केंद्र के रूप में स्थापित होनी चाहिए। डोली यात्रा का उद्देश्य प्रदेश की धार्मिक परंपराओं, लोक देवताओं, प्राचीन मंदिरों एवं सांस्कृतिक धरोहरों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, हिमालय संस्कृति एवं देवभूमि की आस्था को सशक्त करना भी यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि मंत्री प्रसाद नैथानी द्वारा विगत 27 वर्षों से चलाया जा रहा यह अभियान उत्तराखण्ड की संस्कृति एवं लोक आस्था को मजबूत करने का अभियान निसंदेह सराहनीय है। अभी तक यह यात्रा गढ़वाल मंडल के हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग आदि जनपदों के विभिन्न देवालयों से होकर आज तेरहवें दिन चमोली जिले के सगर गांवों तथा शहरों से होते हुए आज गोपीनाथ मंदिर में प्रवेश कर चुकी है। इसके बाद यात्रा कुमाऊं मण्डल में प्रवेश कर भक्तों को आशीर्वाद देगी।
डोली रथ यात्रा में सहयोगी के रूप में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुरेश डिमरी प्रकाश रावत ओम प्रकाश नेगी मीडिया कॉर्डिनेटर कैलाशपति मैठाणी, सचिव भरत सिंह रावत, सुंदर सिंह रावत, चंदर सिंह रावत, जोत सिंह कैंतुरा, धर्मेन्द्र सिंह, सौरव रतूड़ी, गौरव सिंह, केदार सिंह बजियाला, जीवानन्द चमोली, सूरज सिंह, पुरुषोत्तम आर्य, उज्जवल दास आदि सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
