जनकल्याणकारी योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकताः सांसद अनिल बलूनी
पौड़ी। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनिल बलूनी ने जनपद पौड़ी में आयोजित विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए क्षेत्र में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं तथा परियोजनाओं की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान सांसद बलूनी ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत विकास कार्यों एवं विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। अनिल बलूनी ने कहा कि गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन का वास्तविक उद्देश्य है तथा इसी भावना के साथ निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को आत्मसात करते हुए क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति एवं चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
