मंत्री ने मारा नगर पालिका में मारा छापा, गायब मिले कई अधिकारी व कर्मचारी

उधम सिंह नगर। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जसपुर नगर पालिका परिषद में छापा मारा। छापे के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जबकि कार्यालय परिसर में मदिरा सेवन से जुड़ी सामग्री मिलने पर मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
 उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को नगर पालिका परिषद, जसपुर का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली का जायजा लिया। अचानक पड़े इस छापे से कार्यालय में हड़कंप मच गया। मंत्री ने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका (अटेंडेंस रजिस्टर) की जांच की, जिसमें कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ कर्मचारी लगातार कई दिनों से कार्यालय नहीं आ रहे थे।
 मंत्री ने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी दौरान कार्यालय परिसर में मदिरा सेवन से संबंधित सामग्री (शराब की बोतलें) मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। मंत्री ने इसे सरकारी कार्यालय की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कहा कि इस तरह का आचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
 राम सिंह कैड़ा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के संबंध में तत्काल नियमानुसार जांच कराई जाए तथा जो भी कर्मचारी या अधिकारी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ बिना किसी देरी के आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही हर कर्मचारी की पहली जिम्मेदारी है।
 मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है। यदि अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचेंगे या अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन नहीं करेंगे, तो इसका सीधा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ता है। इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या गैरजिम्मेदाराना रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *