प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सफल रही केदारनाथ यात्राः आशा नौटियाल
रुद्रप्रयाग। विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पौराणिक धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही वर्ष 2026 की केदारनाथ धाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया। इस वर्ष बाबा केदार के दर्शनों के लिए देश-विदेश से 19 लाख से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं की यह बड़ी संख्या बाबा केदार के प्रति करोड़ों भक्तों की अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक है।
कपाट बंद होने के अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने देश-विदेश से पहुंचे समस्त श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बाबा केदारनाथ की पावन भूमि से विशेष आध्यात्मिक जुड़ाव रहा है। उनके मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए। सरकार के इन प्रयासों और सभी संबंधित विभागों के समन्वय से यात्रा का सफल संचालन संभव हो पाया।
विधायक ने कहा कि यात्रा मार्गों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। इस वर्ष 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का केदारनाथ धाम पहुंचना संपूर्ण केदारघाटी के लिए गौरव और उत्साह का विषय है। यह उपलब्धि सरकार के प्रयासों के साथ ही स्थानीय जनता के सहयोग, समर्पण और सेवाभाव का भी परिणाम है।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि केदारघाटी की अर्थव्यवस्था और हजारों स्थानीय परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार भी है। यात्रा को सफल बनाने में स्थानीय नागरिकों, तीर्थपुरोहितों, व्यापारियों, होटल एवं टेंट व्यवसायियों, घोड़ा-खच्चर संचालकों, डंडी-कंडी संचालकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
विधायक नौटियाल ने कहा कि केदारनाथ धाम पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के प्रति क्षेत्रवासियों का भाव सदैव श्अतिथि देवो भवःश् का रहा है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और विषम मौसम के बावजूद स्थानीय लोगों ने पूरे यात्रा काल में सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना से श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
अंत में उन्होंने यात्रा से जुड़े समस्त स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, तीर्थपुरोहितों, व्यापारियों, युवाओं, महिला समूहों, प्रशासन एवं पुलिस विभाग सहित प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई है।
