लाइन लॉस, राजस्व वसूली और बिजली चोरी पर सख्ती, कुमाऊं दौरे में एमडी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
काशीपुर। यूपीसीएल एवं पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने कुमाऊं क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे के दौरान काशीपुर, हल्द्वानी और खटीमा में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, राजस्व वसूली, टीएंडडी लॉसेस, विद्युत चोरी की रोकथाम तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ता सेवाओं में सुधार के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत काशीपुर से हुई। यहां प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों के साथ राजस्व वसूली, टीएंडडी लॉसेस, विद्युत चोरी की रोकथाम और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा लाइन लॉस को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कम करने के लिए फील्ड स्तर पर लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। विभागीय कार्यों में अनावश्यक विलंब पर नाराजगी जताते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
काशीपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान पीसी ध्यानी ने स्मार्ट मीटर को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और भ्रांतियों पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता मोबाइल फोन पर अपनी विद्युत खपत और रीडिंग की निगरानी कर सकते हैं। इससे उपभोक्ता अपनी खपत के अनुरूप बिजली के इस्तेमाल को नियंत्रित कर बचत भी कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर उपभोक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की बात भ्रामक है। उत्तराखंड में अब तक स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने को लेकर किसी उपभोक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए पीसी ध्यानी ने लाइन और विद्युत तंत्र का आवश्यक मेंटेनेंस समय से पूरा करने, खराब पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने तथा करंट लीकेज जैसी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं। मेंटेनेंस कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
