खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी

चमोली। शुक्रवार को खराब मौसम और विपरीत परिस्थितियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को पीपलकोटी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने चमोली के पीपलकटी में हुए टनल हादसे के बाद चल रहे रेस्क्यू अभियान का ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में टनल हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन दूसरे दिन भी जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे हैं। सीएम ने रेस्क्यू में लगी टीमों से अब तक के रेस्क्यू का अपडेट लिया। इसके बाद वो खुद टनल के अंदर गए और वहां के हालात का जायजा लिया। गुरुवार देर शाम से ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और स्थानीय पुलिस की टीमें टनल के भीतर जाकर लगातार खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं। गुरुवार  को पीपलकोटी की टनल में अचानक पानी का तेज बहाव आने के बाद कई मजदूर अंदर फंस गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियां मौके पर पहुंचे। शुक्रवार सुबह 9 बजे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जो विवरण जारी किया है, उसके अनुसार टनल के अंदर कुल 22 कर्मचारी फंसे थे। इनमें से 19 लोगों को निकाल लिया गया है। इन 19 लोगों में 7 लोगों की मौत होना बताया गया है। 12 लोग घायल बताए गए हैं। 3 लोग अभी भी लापता बताए गए हैं, जिनके तलाश युद्ध स्तर पर चल रही है। मृतकों की सूची में उत्तराखंड के चमोली समेत झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लोग शामिल हैं। लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जवान टनल के अंदर जाकर फंसे लोगों की तलाश और राहत-बचाव का काम कर रहे हैं। चमोली जिले के डीएम गौरव कुमार का कहना है कि अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश के मुताबिक रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चल रहा है। प्रशासन की टीमें मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। टनल के अंदर फंसे लोगों से जुड़ी हर जानकारी जुटाई जा रही है.फिलहाल एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं। प्रशासन का कहना है कि जब तक टनल के अंदर सभी संभावित लोगों की तलाश पूरी नहीं हो जाती, तब तक अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *