मंच में तोड़फोड़ मामले में कांग्रेस विधायक सहित छह के खिलाफ मामला दर्ज

पिथौरागढ़। भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित जौलजीबी मेले के मंच पर तोड़फोड़ करने पर कांग्रेस विधायक हरीश धामी समेत 6 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। मंच पर तोड़फोड़ और भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट के आरोपों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक और समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।
14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। इसके बाद स्थानीय जनता को संबोधित किया गया। इसके बाद सीएम धामी मंच से चले गए। इससे स्थानीय धारचूला विधायक व मेला समिति के अध्यक्ष हरीश धामी नाराज हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम धामी ने न उनकी बात सूनी और न मंच पर उन्हें बोलने का मौका दिया गया। इससे नाराज होकर हरीश धामी और उनके समर्थक मंच पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस को मिली तहरीर में आरोप लगाया गया कि, इस दौरान विधायक और उनके समर्थकों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ ही तोड़फोड़ की। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा संबंधित व्यक्तियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके द्वारा पुलिस कर्मियों के साथ और अन्य व्यक्तियों के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई।
उधर, देर शाम भाजपा के स्थानीय कार्यकताओं ने कोतवाली जौलजीबी में प्रदर्शन भी किया और धरने पर बैठने के साथ ही मेला समिति अध्यक्ष एवं धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी और उनके समर्थक राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू व अन्य व्यक्तियों के खिलाफ तहरीर भी दी थी। लेकिन पुलिस ने शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *