बूथ कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकतः मंत्री भरत सिंह चैधरी

रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में बूथ सशक्तिकरण को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने की। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चैधरी ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चैधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक ताकत है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनोपयोगी कार्यों की जानकारी बूथ समितियों के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाई जानी चाहिए, ताकि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को लेकर बूथ स्तर पर पूरी मजबूती और सक्रियता के साथ जुटने तथा संगठन को मजबूत करते हुए भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाने के लिए कार्य करने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मंडल में बैठकें आयोजित की जाएंगी। मंडल अध्यक्ष अपने-अपने शक्ति केंद्रों पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की टोली गठित कर बूथ समितियों की बैठक, सत्यापन एवं बूथ मैपिंग का कार्य सुनिश्चित करेंगे।
जिला सह प्रभारी रघुबीर बिष्ट ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। प्रदेश महिला मोर्चा की आईटी संयोजक रजना चतुर्वेदी ने सरल ऐप के माध्यम से बूथ समितियों के सत्यापन, ऐप डाउनलोड करने, बूथ स्तर पर व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने तथा समिति सदस्यों की सही जानकारी अपडेट करने की प्रक्रिया के संबंध में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, जिला संयोजक राय सिंह राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार एवं शकुंतला जगवाण, दायित्वधारी विजय कप्रवान व चंडी प्रसाद भट्ट, जिला महामंत्री अरुण चमोली, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष आशीष कंडारी, तिलवाड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष विनिता देवी सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, जिला एवं मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *