सेवा संकल्प अभियान में 9 आशा-आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सम्मानित
मसूरी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा एवं भाजपा महिला मोर्चा की ओर से किंक्रेग स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के साथ ही आंगनवाड़ी बच्चों को अल्पाहार एवं शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जगजीत कुकरेजा ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से छोटे बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के साथ पोषण उपलब्ध कराया जाता है। वहीं आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिलाओं एवं परिवारों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटाने और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा एवं महिला मोर्चा की ओर से नौ आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एक बच्चे का अन्नप्राशन भी कराया गया। वहीं आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को अल्पाहार एवं शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में शक्तिकेंद्र संयोजक सीता पंवार, महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष एवं सभासद विजय बिंदवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष जगजीत कुकरेजा, अल्पसंख्यक मोर्चा कोषाध्यक्ष जीनत अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
