यूटिलिटी वाहन चालकों ने एआरटीओ के सामने रखी समस्याएं

विकासनगर। जौनसार बावर यूटिलिटी यूनियन की रविवार को बाड़वाला में एआरटीओ की मौजूदगी में बैठक संपन्न हुई। बैठक में वाहन चालकों ने परिवहन विभाग से पर्वतीय मार्गों पर यातायात व्यवस्थित करने के साथ ही अन्य समस्याओं का उचित माध्यम से निस्तारण किए जाने की मांग रखी। इसके साथ ही यूटिलिटी वाहनों की छत से जाल हटाए जाने का विरोध किया।
यूनियन के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि यूटिलिटी वाहन मुख्य मार्गों से हटकर संपर्क मार्गों पर संचालित होते हैं। इन मार्गों पर अन्य साधन नहीं होने के कारण मानक से अधिक सवारियां खुद ही बैठ जाती हैं। कहा कि ओवर लोडिंग के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन यात्रियों के लिए पर्याप्त वाहन मुहैया कराना भी परिवहन विभाग की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संपर्क मार्गों पर पर्याप्त यात्री वाहनों का संचालन किया जाना चाहिए। इसके साथ ही यूटिलिटी चालान के भुगतान की व्यवस्था न्यायालय के माध्यम से होनी चाहिए। उन्होंने परिवहन विभाग से कोविड काल का टैक्स माफ करने, यूटिलिटी वाहनों के लिए किराया सूची जारी करने की मांग की। साथ ही कहा कि वाहनों की छतों से जाल हटाए गए तो सभी वाहन स्वामी अपने वाहनों को दस्तावेज सहित परिवहन विभाग के कार्यालय में जमा कर देंगे। बैठक में मौजूद एआरटीओ एसके निरंजन ने वाहन चालकों की मांगों को उचित माध्यम तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान रवाईं यमुना घाटी यूनियन के अध्यक्ष विजय डोभाल, कोटी कालोनी यूनियन के पदाधिकारी जहांगीर सिंह, अर्जुन सिंह, स्वराज सिंह, राजेंद्र सिंह, रतन सिंह, सूरत सिंह, कुंदन सिंह आदि मौजूद रहे।