पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा की बढी मुश्किलें, मिला 2 करोड़ की मानहानि नोटिस

देहरादून। नगर निगम की दुकानों के आवंटन को लेकर पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे शाश्वत उनियाल पर लगाए गए करीब 40 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी के आरोपों का विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदलता नजर आ रहा है। मामले में पूर्व मेयर पर आरोप लगाने वाले विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह ने अब गामा को दो करोड़ रुपए की मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। दोनों ने अपनी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए एक-एक करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति मांगी है। साथ ही सात दिन के भीतर सार्वजनिक रूप से आरोप वापस लेने और लिखित माफीनामा देने की मांग की है।
दरअसल, विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस में कहा गया है कि पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने सोशल मीडिया और अन्य सार्वजनिक माध्यमों से उनके खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां की हैं। आरोप है कि दोनों को आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताने की कोशिश की गई, जबकि किसी सक्षम न्यायालय की ओर से उनके खिलाफ ऐसा कोई निर्णय नहीं दिया गया है।
नोटिस में कहा गया है कि सार्वजनिक मंचों पर की गई कथित टिप्पणियों के कारण दोनों की सामाजिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। इन बयानों के सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने से उन्हें मानसिक परेशानी, सामाजिक अपमान और व्यावसायिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।
दोनों पक्षों की ओर से कहा गया है कि बिना किसी न्यायिक निर्णय या ठोस प्रमाण के किसी व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से अपराधी बताना उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला कृत्य हो सकता है।
कानूनी नोटिस में पूर्व मेयर को सात दिन का समय दिया गया है। इस दौरान दोनों के खिलाफ दिए गए कथित आपत्तिजनक बयानों को वापस लेने, लिखित माफी मांगने और उन्हीं सार्वजनिक माध्यमों पर खंडन जारी करने की मांग की गई है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में मांगें पूरी नहीं होने पर दोनों की ओर से अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा। पूरा मामला देहरादून नगर निगम की दुकानों के आवंटन से जुड़ा है। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे शाश्वत उनियाल पर करीब 40 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए थे। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हुआ। अब विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह ने गामा की कथित सार्वजनिक टिप्पणियों को मानहानिकारक बताते हुए दो करोड़ रुपये का नोटिस भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *