दशहरे पर कड़े इंतजाम, अलर्ट पर फायर ब्रिगेड, 21 जगहों पर तैनाती

देहरादून। दशहरा पर्व पर रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान आग की घटनाओं से निपटने के लिए देहरादून अग्निशमन और आपात सेवा ने व्यापक तैयारियां की हैं। जनपद में 21 स्थानों पर अग्निशमन दल तैनात रहेंगे। सभी टीमें कार्यक्रम शुरू होने से लेकर समाप्ति तक मौके पर मौजूद रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। साथ ही दशहरा पर्व को देखते हुए जनपद के प्रमुख रावण दहन स्थलों पर फायर टेंडर, फायर बाइक और आवश्यक अग्निशमन उपकरणों के साथ कर्मचारियों की तैनाती की गई हैं।
देहरादून सदर तहसील क्षेत्र में बन्नू स्कूल, परेड ग्राउंड, क्लेमेंटाउन, प्रेमनगर और पटेलनगर समेत सात स्थानों पर सात फायर टेंडर तैनात किए गए हैं। इनमें पांच बड़े और दो छोटे फायर टेंडर शामिल हैं। इसके अलावा दो फायर बाइक भी तैनात रहेंगी। डोईवाला तहसील में केशवपुर बस्ती में एक फायर टेंडर और बाजार क्षेत्र में एक फायर बाइक तैनात की गई है।
विकासनगर तहसील के सेलाकुई क्षेत्र में दशहरा ग्राउंड और भाऊवाला समेत दो स्थानों पर अग्निशमन टीमें रहेंगी। वहीं, हरबर्टपुर और कालसी क्षेत्र में बैराज ग्राउंड, तिकोना ग्राउंड और बीडीएम समेत चार स्थानों पर टीमें तैनात रहेंगी। ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट, आईडीपीएल ग्राउंड और नटराज चौक समेत तीन स्थानों पर अग्निशमन दल मुस्तैद रहेंगे। मसूरी में भी तीन स्थानों पर फायर टीमें तैनात की गई हैं।
अग्निशमन विभाग की सभी टीमों को फायर टेंडर, फायर बाइक, होज पाइप, ब्रांच, वाटर, डीसीपी और सीओ अग्निशामक यंत्र, फायर बीटर, सीढ़ी, रस्सी और प्राथमिक उपचार किट समेत जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही पर्याप्त जल भंडार की व्यवस्था भी की गई है। विभाग के अनुसार, सभी उपकरणों की जांच पहले ही पूरी कर ली गई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने आमजन से अपील की है कि रावण दहन के दौरान पुतले से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। बच्चों पर विशेष ध्यान दें। पटाखे केवल खुले स्थानों पर चलाएं तथा ढीले और सिंथेटिक कपड़े पहनने से बचें। उन्होंने आयोजकों से दहन स्थल पर रेत और पानी की बाल्टियां रखने तथा बैरिकेडिंग के जरिए भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रखने की अपील की है। किसी भी अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल 112 या 101 नंबर पर सूचना देने को कहा गया है। साथ ही अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि दशहरा पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *