राहुल बाबा तक पहुंचा दो आवाज, उत्तराखंड में फिर बनेगी भाजपा सरकारः अमित शाह
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछने लगी है। राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के बहाने भाजपा ने विकास के दावों के साथ चुनावी एजेंडे को भी धार दे दी।
ादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए भाजपा की सत्ता में वापसी का दावा किया। उन्होंने मंच से कहा कि यहां से राहुल बाबा तक आवाज पहुंचनी चाहिए कि उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है। शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में 65 पार का लक्ष्य लेकर घर-घर पहुंचने का आह्वान किया।
शाह ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो मुस्लिम यूनिवर्सिटी की वकालत करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अवैध मजारों और मदरसों को हटाने का काम करेगी। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसा कि उन्हें यह कार्रवाई भी पसंद नहीं आती।
उन्होंने उत्तराखंड को देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाने का संकल्प भी दोहराया। इस तरह राज्योत्सव का मंच विकास की उपलब्धियों के साथ ही 2027 के चुनावी मुकाबले का संदेश देने वाला मंच बन गया।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कार्यक्रम में 1475 करोड़ रुपये की 62 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही उत्तराखंड फिल्म नीति के अंतर्गत लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार, विभिन्न हस्तियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान और मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार प्रदान किए।
भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारों के बीच संबोधन शुरू करते हुए शाह ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे संवारने का काम कर रहे हैं। उन्होंने राज्य आंदोलन के दौरान हुए संघर्ष और रामपुर तिराहा कांड का उल्लेख करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने अलग राज्य के लिए लंबा संघर्ष किया, लेकिन कांग्रेस और सपा ने राज्य निर्माण की मांग का विरोध किया तथा आंदोलनकारियों पर अत्याचार किए।
विकसित भारत का पहला पड़ाव उत्तराखंड
शाह ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की यात्रा में विकसित उत्तराखंड पहला पड़ाव होगा। राज्योत्सव को उन्होंने गौरव, सिद्धि और संकल्प का अवसर बताया। गौरव राज्य निर्माण का, सिद्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की तथा संकल्प प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण के संरक्षण का है।
उन्होंने उत्तराखंड की वीर परंपरा का उल्लेख करते हुए नई पीढ़ी से तीलू रौतेली, माधो सिंह भंडारी, दरबान सिंह नेगी, गबर सिंह नेगी, चंद्र सिंह गढ़वाली और जनरल बिपिन रावत के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
जीएसडीपी में 50 और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत वृद्धि का दावा
शाह ने कहा कि वर्ष 2022 की तुलना में उत्तराखंड की जीएसडीपी में 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्ष 2023 के ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर नई मिसाल कायम की है। अब देश के 15 राज्य भी इसकी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने सख्त नकल विरोधी कानून की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में बिना सिफारिश और अतिरिक्त खर्च के 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। धर्मांतरण विरोधी कानून को भी उन्होंने राज्य सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कांग्रेस पर मनीऑर्डर इकोनॉमी बनाने का आरोप
शाह ने कांग्रेस पर उत्तराखंड को वर्षों तक मनीऑर्डर इकोनॉमी के भरोसे छोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को ऐसा काम बताना चाहिए, जिसे प्रदेश की जनता आज भी याद करती हो। भाजपा ने प्रदेश में धन का सृजन करने वाले उद्योग स्थापित करने का काम किया है।
उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन, टनकपुर-बागेश्वर रेललाइन, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे तथा सौंग, जमरानी और किसाऊ बांध परियोजनाओं को राज्य के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
धामी सरकार की पीठ थपथपाई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ करते हुए शाह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में त्रिवेंद्र सिंह रावत और वर्तमान मुख्यमंत्री धामी ने विकास की गति को रुकने नहीं दिया। उन्होंने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत, सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत तथा राज्य आंदोलनकारियों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लखपति दीदियों की संख्या तीन लाख से अधिक हो गई है। शहीद सैनिकों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। किच्छा में एम्स का सैटेलाइट सेंटर बनाया जा रहा है और सीमांत क्षेत्रों के 51 गांवों को वाइब्रेंट विलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है।
सीमांत क्षेत्रों के विकास पर कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि पहले चीन के डर से सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास कार्य बाधित किए जाते थे, जबकि मोदी सरकार ने सीमाओं तक सड़कों का जाल बिछाया है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था अब इतनी मजबूत है कि कोई देश की सीमा में घुसने की हिम्मत नहीं कर सकता। शाह ने पूर्व मुख्यमंत्रियों बीसी खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, रमेश पोखरियाल निशंक और त्रिवेंद्र सिंह रावत के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को विकास कार्यों के लिए बधाई देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने के लिए काम कर रही हैं।
इस प्रकार राज्योत्सव समारोह में विकास की उपलब्धियों के साथ कांग्रेस पर हमले, राहुल गांधी को सीधी राजनीतिक चुनौती और 65 पार के लक्ष्य ने साफ कर दिया कि भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है।
लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी व अभिनेता हेमंत पांडेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया
देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को देहरादून के परेड मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। वे अपने दौरे के दौरान उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में शिरकत कर रहे हैं। इस दौरान राज्य की विकास यात्रा पर लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्योत्सव पर शुभकामनाएं दी। प्रदेशवासियों की और से गृह मंत्री का स्वागत किया। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में अहम निर्णय लिए गए। आतंकवाद, अलगाववाद व नक्सलवाद के खिलाफ ठोस निर्णय लिए गये। पुलिस कलर के लिए पुलिस को शुभकामनाएं दी। कहा कि स्थापना दिवस से पहले गृह मंत्री का मार्गदर्शन मिलना गौरव की बात। डबल इंजन की सरकार में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
राजनीतिक स्वार्थ के लिए राजनीतिक दल युवाओं को गुमराह कर रहे: धामी
देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए राजनीतिक दल युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। इनके कार्यकाल में चुनाव के निर्णय सही, एसआईआर की प्रक्रिया सही रहती है और विपक्ष में आते ही गलत हो जाती है। उत्तराखंड के मान सम्मान से कोई मतलब नहीं, इनके नेता राज्य का नाम रोशन करने वालों का उपमान करते हैं, वहीं सहयोगी दलों के नेता उत्तराखंडियों को घुसपैठिया बताते हैं। सतत विकास लक्ष्यों में पहला साथ मिला।
उन्होंने कहा कि खनन के लिए भी केंद्र से सहयोग मिला। प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से अधिक है। उत्तराखंड समान नागरिक संहिता को लागू करने वाला पहला प्रदेश है। 100 से अधिक नकल माफियों को जेल भेजा है। वहीं विपक्ष के नेता कहते हैं कि कोई कार्रवाई नहीं हुई। देवभूमि की जनता विकास चाहती है, सरकार इसी दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह को उत्तराखंड की टोपी और गंगाजली की प्रदान और समुद्र मंथन का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। गृह मंत्री ने 1474 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
