श्रीराम मंदिर दीपलोक में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया गणपति उत्सव
देहरादून। देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र के दीपलोक स्थित प्रसिद्ध श्रीराम मंदिर में आयोजित गणपति उत्सव में उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर एवं कैंट विधायक सविता कपूर ने उपस्थित होकर भगवान गणेश जी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि गणपति उत्सव श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का पर्व है। उन्होंने भगवान श्री गणेश जी से क्षेत्रवासियों एवं समस्त परिवारों के सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने उपस्थित क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद भी किया। अभिनव थापर ने समस्त क्षेत्रवासियों को आगामी शारदीय नवरात्रि के अवसर पर 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक रेसकोर्स स्थित श्री गुरुनानक मैदान में आयोजित होने वाली उत्तराखंड की सबसे भव्य रामलीला में सपरिवार शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि श्रीरामलीला हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्रवासियों की सहभागिता इसे और अधिक विशेष बनाएगी। इस अवसर पर कैंट विधायक सविता कपूर जी ने क्षेत्रवासियों को गणपति उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्री गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने मंदिर समिति के सदस्यों के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया। कार्यक्रम में श्रीराम मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सुशील बग्गा, अनिल बांगा, जे. एस. चुग, सुरेंद्र गांधी, सुनील शर्मा, तरुण सक्सेना, सुनील गोयल, आर. के. गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, क्षेत्रवासी एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।
