दून पुलिस ने छठ पूजा के लिए  जारी किया ट्रैफिक प्लान

देहरादून। छठ पूजा के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने 15 और 16 नवंबर के लिए यातायात और डाइवर्जन प्लान जारी किया है। प्रेमनगर क्षेत्र में नंदा की चौकी स्थित छठ पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कई मार्गों पर यातायात में बदलाव किया गया है। साथ ही वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस द्वारा जारी प्लान के अनुसार देहरादून से सहसपुर और विकासनगर जाने वाले वाहनों को प्रेमनगर से न्यू एक्सप्रेस-वे होते हुए सिंघनीवाला की ओर भेजा जाएगा। देहरादून शहर से नंदा की चौकी छठ पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालु रांघड़वाला तिराहा और प्रेमनगर चौक होते हुए पूजा स्थल पहुंच सकेंगे।
भाऊवाला से प्रेमनगर जाने वाले वाहन सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड होते हुए प्रेमनगर पहुंचेंगे। वहीं, बिधोली से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को नंदा की चौकी, सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड से भेजा जाएगा। प्रेमनगर से झाझरा, सुद्धोवाला और बिधोली जाने वाले वाहनों के लिए ठाकुरपुर रोड और बालाजी धाम का रूट निर्धारित किया गया है। वहीं, धूलकोट तिराहे से भारी वाहनों को सिंघनीवाला की ओर डायवर्ट कर बड़ोवाला के रास्ते भेजा जाएगा।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से निजी वाहनों का अनावश्यक इस्तेमाल न करने और विक्रम, ऑटो व सिटी बस जैसे सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है। नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने पर ट्रैफिक क्रेन से टोइंग की जाएगी। जिसके लिए 1500 रुपये जुर्माना निर्धारित है।
सार्वजनिक मार्गों, तिराहों और चौराहों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखेगी। एंबुलेंस, पुलिस और फायर सर्विस जैसे आवश्यक सेवाओं के वाहनों को नहीं रोका जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *