25 अक्टूबर से दून में शुरू होगा पांच दिवसीय साहित्य महाकुंभ

देहरादून। राजधानी देहरादून में साहित्य, संस्कृति और भारतीय भाषाओं को लेकर पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महोत्सव आयोजित होने जा रहा है। पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता कर लेखक गांव अंतरराष्ट्रीय महोत्सव-2026 की औपचारिक घोषणा की। 25 से 29 अक्टूबर तक थानो स्थित लेखक गांव में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का मुख्य फोकस भारतीय भाषाओं की विरासत, हिंदी की वैश्विक पहचान और भारतीय ज्ञान परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगे बढ़ाना है। आयोजन में 40 देशों के हिंदीभाषी विदेशी विद्यार्थियों की भागीदारी प्रस्तावित है। इसके साथ ही साहित्यकारों, शिक्षाविदों, कलाकारों, पत्रकारों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को एक मंच पर लाया जाएगा।
महोत्सव की केंद्रीय थीम ‘भारतीय भाषाएं एवं संयुक्त राष्ट्र में हिंदी’ रखी गई है। इसके तहत हिंदी को संयुक्त राष्ट्र की आधिकारिक भाषा के रूप में स्थापित करने की संभावनाओं, विदेशों में हिंदी शिक्षण और भारतीय भाषाओं के वैश्विक विस्तार पर चर्चा होगी। निशंक ने कहा कि भारतीय भाषाएं देश की सांस्कृतिक पहचान और ज्ञान परंपरा का आधार हैं। इन भाषाओं को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। आयोजन में अलग-अलग देशों से आने वाले प्रतिभागियों को भारतीय साहित्य, संस्कृति और विचार परंपरा से जुड़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों के बीच संवाद को मजबूत करने पर जोर रहेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे उद्घाटन सत्र से होगी। कार्यक्रम पुस्तिका के मुताबिक उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन होंगे। योगगुरु स्वामी रामदेव की पावन उपस्थिति और मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन की अध्यक्षता भी निर्धारित है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। महोत्सव के अंतिम दिन 29 अक्टूबर को सुबह 10 बजे समापन सत्र आयोजित होगा। कार्यक्रम पुस्तिका में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *