पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश के पैर में लगी गोली

ऋषिकेश। ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, रात को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को देखा, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बदमाश बैरियर को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गए। शक होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया तो वे श्यामपुर की ओर भागने लगे। इसके बाद खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। परिणाम स्वरूप दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गयी। जिससे वे घायल होकर गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस द्वारा की गयी प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी हाल ही में ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे, जिसमें दो व्यक्तियों को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। इस मामले में दोनों की तलाश की जा रही थी. मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाशों को पुलिस सुरक्षा के बीच उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय भेजा गया.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपियों की स्थिति तथा पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है तथा उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *