वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज की महत्वपूर्ण धरोहरः मुख्यमंत्री

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला में आयोजित कार्यक्रम में एक क्लिक के माध्यम से 9,93,886 पेंशनरों को सितंबर माह की 147.34 करोड़ रुपये की पेंशन राशि जारी की। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांगजन सिविल सेवा कोचिंग का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 23 वरिष्ठ नागरिकों तथा निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता में चयनित पांच छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण की शपथ दिलाई और परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उनके अनुभवों से नई पीढ़ी को संस्कार और जीवन की समझ मिलती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक का सम्मान, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिमाह 1500 रुपये पेंशन दे रही है और पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। राज्य में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए वृद्धाश्रम भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल सहित अन्य क्षेत्रों में गैर-सरकारी संस्थाएं भी वृद्धाश्रम संचालित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को परिवार के बीच सम्मानपूर्वक रहने का अधिकार है। उनके अधिकारों की रक्षा के लिए माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम लागू है। दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था भी की गई है। केंद्र सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से भी उन्हें विभिन्न सुविधाएं दी जा रही हैं।
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वरिष्ठजनों के सम्मान की समृद्ध परंपरा रही है और नई पीढ़ी को इसे आगे बढ़ाना चाहिए। कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *