मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के कार्यों की समीक्षा की

देहरादून। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा प्रदेश भर में किये जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में किये जा रहे कार्य ससमय पूर्ण हों। उन्होंने वर्षाकाल को दृष्टिगत रखते हुुए कहा कि सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए जिससे लोगों को परेशानी न हो।
शहरी विकास मंत्री ने रायपुर, बंजारावाला, नैनीताल, हल्द्वानी, टनकपुर, विकासनगर, किच्छा, कोटद्वार अन्य शहरो में किये जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सीवरलाईन, पेयजल, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाईट आदि बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुचारू की जाए। उन्होंने सड़क निर्माण को प्राथमिकता देते हुए कहा कि सड़क निर्माण संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए।
मंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण में एशियन विकास बैंक (एडीबी), केएफडब्ल्यू (जर्मन बैंक) तथा ईआईबी (यूरोपियन इनवैस्टमैंट बैंक) द्वारा कई परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। ईआईबी द्वारा पिथौरागढ़, सितारगंज, रूद्रपुर तथा काशीपुर में कई कार्य निर्माणाधीन हैं जिससे लगभग 06 से 07 लाख की आबादी को प्रत्यक्ष लाभ होगा। इसी तरह केएफडब्ल्यू द्वारा ऋषिकेश में पेयजल तथा तपोवन में स्ट्रीट लाईट व्यवस्था के साथ ही 24 ई बसों के प्रबंध का कार्य कराया जाना है।
मंत्री ने कहा कि पूर्ण किये गये विकास कार्यों का जल्द से जल्द लोकार्पण कराया जाए जिससे उन विकास कार्यों का जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यदायी संस्थाओं की ससमय निगरानी की जाए जिससे कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे। मंत्री ने कहा कि हमारा प्रदेश भारत के अग्रणीय राज्यों में स्थापित रहे। उन्होंने जलागम विभाग के माध्यम से किये जा रहे वृक्षारोपण कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण प्रबंधन भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने पेड़ बचाओ अभियान के तहत संतुलित विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस अवसर पर सचिव नितेश झा, परियोजना निदेशक अभिषेक रोहिला, अपर परियोजना निदेशक विनय मिश्रा तथा अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *