सहारनपुर जा रहे पिकअप वाहन में अचानक लगी आग, लपटें देख चालक ने कूदकर बचाई जान

विकासनगर। विकासनगर मंडी में उपज की आपूर्ति कर वापस सहारनपुर लौट रहे पिकअप वाहन में दर्रारीट के पास अचानक आग लग गई। वाहन में सवार चालक ने लपटें देख बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। चालक की सूचना पर पास ही स्थिति तिमली गांव से घटनास्थल पर पहुंचे उसके रिश्तेदारों ने बाल्टी में पानी भरकर आग बुझाई। वाहन का केबिन और इंजन जल गया है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया उत्तरप्रदेश के सहारनपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के मदनपुरा निवासी गुलफाम पिकअप वाहन से मंडी में उपज की आपूर्ति करने आया था। वह वापस मिर्जापुर लौट रहा था। दर्रारीट से 200 मीटर पहले उत्तराखंड की सीमा में ही वाहन में आग लग गई। चालक ने जैसे ही वाहन में आग लगते देखी वह उससे बाहर निकल गया। वाहन से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी। तिमली गांव में चालक के कुछ रिश्तेदार रहते हैं। उसने उन्हें फोन कर घटनास्थल बुलाया। रिश्तेदारों ने बाल्टी में पानी भरकर आग को बुझाना शुरू किया। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन पुलिसकर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले लोगों ने आग को बुझा दिया था। उन्होंने बताया चालक पूरी तरह से सुरक्षित है। आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *