एनजीओ संचालक पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप

विकासनगर। तहसील क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एसडीएम को एक शिकायती पत्र देकर एजुकेशनल सोसायटी के एक एनजीओ संचालक पर धोखाधड़ी कर उनके रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। कहा कि आरोपी ने उनके रुपये नहीं लौटाये और अब उन्हें खुलेआम धमकी दी जा रही है। इस मामले में एसडीएम ने कोतवाल विकासनगर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
शिकायतकर्ताओं ने एसडीएम को सौंपे पत्र में बताया कि सेलाकुई में एक एनजीओ संचालक एजुकेशनल सोसायटी चलाता है। बताया कि सोसायटी में बच्चों को पढ़ाने के लिए एक सुपरवाइजर व अध्यापकों के पदों पर नियुक्ति की जायेगी। दावा है कि उसके ऐवज में एनजीओ के संचालक ने उनके बच्चों से प्रतिमाह एक हजार रुपये के हिसाब से तीन माह तक तीन हजार रुपये लिए। कहा कि बाद में इन रुपयों को लौटाया जायेगा। आरोप है कि आरोपी संचालक ने न तो अध्यापकों और सुपरवाइजर की नियुक्ति की और न ही उनके रुपये लौटाये। जब उन्होंने रुपये वापस देने की मांग की तो पहले तो आरोपी उन्हें गुमराह करते रहा। बाद में उन्हें चेक दे दिए जो बाउंस हो गये। जिसके बाद उन्होंने आरोपी से चेक बाउंस होने व रुपये लौटाने को कहा तो आरोपी उन्हें धमकाने लगा और उनके रुपये वापस लौटाने से मना कर दिया। शिकायतकर्ता आयुष राठौर, अनमोल, राधा, बीरो, संतोषी, मंजू, नीलम आदि ने एसडीएम से एनजीओ संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एसडीएम विकासनगर सौरभ असवाल ने कोतवाली पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *