गुलदार के हमले से महिला घायल

रामनगर। शुक्रवार सुबह घास काट रही महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला का रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है।
शुक्रवार की सुबह तराई पश्चिमी वन प्रभाग की रामनगर रेंज के अंतर्गत ग्राम गोबरा क्षेत्र में जंगल में 52 वर्षीय प्रभा देवी घास काटने गई थीं। तभी अचानक से गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया। साथ में मौजूद महिलाओं ने जब शोर मचाया तो गुलदार प्रभा देवी को लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से भाग गया।
इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और अन्य ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए ग्राम कालु सिद्ध नई बस्ती निवासी महिला के देवर रमेश चंद्र ने बताया कि उनकी भाभी की हालत गंभीर है। घटना के बाद गांव में गुलदार के आतंक को लेकर ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *