नए साल के लिए लगने लगा पर्यटकों का जमावड़ा

कौसानी। पुराने वर्ष को विदाई और नए वर्ष के स्वागत के लिए कौसानी में देसी-विदेशी पर्यटकों का जमवाड़ा लगने लगा है। होटल, रेस्टोरेंट आदि में लगभग 30 प्रतिशत तक बुकिंग हो गई है। 25 से 31 दिसंबर को यहां जश्न का जैसा माहौल रहेगा। पर्यटक यहां से हिमालय की लंबी श्रृखंला का दीदार करेंगे। जनवरी का पूरा महीना पर्यटकों की यहां चहल-कदमी रहेगी। जिसके लिए होटल, रेस्टोरेंट, शाल फैक्ट्री आदि व्यापारियों ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। कौसानी में पिछले दो वर्ष तक कोरोना के कारण चहल-पहल कम रही है। इस वर्ष पर्यटकों की आमद बढ़ने लगी है।
कौसानी से हिमालय का विहंगम दृश्य अति सुंदर दिखता है। कौसानी की खूबसूरती पर चार-चांद लगाता है। पर्यटक ट्रेकिंग के लिए पिनाक, वृद्ध पिनाक, गोपाल कोर्ट, दीपा माई मंदिर, पिंगलेश्वर महादेव मंदिर, नागर टी-स्टेट के अलावा चाय के बागान आदि स्थानों का भ्रमण कर सकेंगे। बैजनाथ मंदिर में शिव परिवार के दर्शन करेंगे। यहां कृत्रिम झील पर नौकायन का आनंद भी ले सकेंगे। रुद्रधारी महादेव मंदिर में झरना उनके आकर्षित करेगा। शाल फैक्ट्री के अलावा महात्मा गांधी की तपस्थली अनासक्ति आश्रम भी जा सकेंगे। इधर, पर्यटन व्यवसाय बढ़ने की उम्मीद है।
पर्यटकों को स्वागत के लिए कुमाऊंनी व्यंजन परोसे जाएंगे। होटल ऐसोसिएशन के सचिव गजेंद्र मेहरा ने बताया कि पर्यटकों के लिए पहाड़ी व्यंजनों में मडुवे की रोटी, गहत की दाल, पहाड़ी रायता, भट के डुबके, भट्ट की चुरकानी आदि का इंतजाम किया गया है। हेरिटेज रिसोर्ट के नंदन सिंह ने बताया की पर्यटकों के लिए बोनफायर और पहाड़ी म्यूजिक के साथ ही कुमाऊंनी व्यंजनों को प्रमुखता से परोसा जाएगा। कौसानी शाल व्यापारी गिरीश कांडपाल ने कहा कि पर्यटकों के अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है। व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। कौसानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। होटल, रेस्टोरेंट आदि में नए वर्ष के जश्न के लिए विशेष व्यवस्थाएं हो रही हैं। पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *