छेनागाड़ में तीन शव और मिले, चार अभी भी लापता
रुद्रप्रयाग। विगत 28 अगस्त को छेनागाड़ में आई आपदा में लापता लोगों के शवों के मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को दो तो शनिवार को भी तीन शव मिले हैं। अभी भी चार लोग मिसिंग चल रहे हैं और सर्च अभियान लगातार जारी है। इन दिनों सर्च अभियान में तेजी लाई गई है।
दरअसल, छेनागाड़ में विगत 28 अगस्त को भयावह आपदा आ गई थी। छेनागाड़ कस्बे का पूरी तरह से नामोनिशान मिट गया था। रात्रि के समय आई आपदा में जो लोग यहां रह रहे थे, वह भी लापता हो गये थे। जिनकी खोजबीन लगातार जारी थी। इन दिनों मौसम साफ होने पर तेज गति से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। दो लोगों के शव शुक्रवार को मलबे से प्राप्त हुये। जबकि तीन लोगों के शव शनिवार को प्राप्त हुये हैं। शवों के पहचान करने के प्रयास किये जा रहे हैं। जबकि शवों को पीएम के लिये जिला चिकित्सालय भेजा जा रहा है। आपदा में कुल नौ लोग लापता हो गये थे, जिनमें पांच स्थानीय और चार नेपाली मूल के लोग शामिल थे। पांच लोगों के शव बरामद हो गये हैं। जबकि अन्य मिसिंग चल रहे लोगों को भी लगातार सर्च किया जा रहा है। घटना स्थल से दूर भी यह शव बरामद हो रहे हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा कि आपदा के बाद से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। दो दिनों में पांच शव बरामद हो गये हैं। शवों की पहचान करने के प्रयास किये जा रहे हैं और फिर पीएम के जिला चिकित्सालय भेजा जा रहा है।
झरने में डूबने से युवक की मौत
रुद्रप्रयाग। मदमहेश्वर यात्रा के मुख्य पड़ाव गौंडार गांव के निकट बहने वाले झरने में उत्तर प्रदेश इंदिरा नगर लखनऊ के युवक की डूबने से मौत हो गई है। युवक के शव को बाहर निकालकर पीएम के लिये जिला चिकित्सालय भेजा गया है और परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। युवक की पहचान अजय कुमार, पुत्र राजेश कुमार उम्र 21 निवासी इंदिरा नगर लखनऊ उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। संभवत यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उक्त युवक यात्री रहा होगा और मदमहेश्वर धाम की यात्रा पर जा रहा होगा। साथ ही युवक के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
