चमोली में घास लेने गई महिला पर गिरा पत्थर, अस्पताल पहुंचाने से पहले तोड़ा दम
चमोली। जिले के थराली में घास लेने जंगल गई महिला पर पहाड़ी से पत्थर आ गिरा। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में ग्रामीण महिला को लेकर अस्पताल की तरफ निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं, महिला की मौत पर ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। थराली पुलिस उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह नेगी के मुताबिक, थराली के गैरबारम गांव की कमला देवी पत्नी कुंदन सिंह (उम्र 52 वर्ष) चारा पत्ती लेने के लिए जंगल गई थी। तभी ऊपर से एक बोल्डर आ गिरा। जो सीधे कमला देवी पर जा लगा। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
इसके बाद ग्रामीण तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली लाए। जहां डॉक्टरों ने जांच पड़ताल के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजन बिलख उठे। बताया जा रहा है कि कमला देवी जूनियर हाईस्कूल में भोजनमाता थी। वहीं, महिला की मौत पर गैरबारम गांव में मातम पसर गया है।
वहीं, ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और उन्होंने आशंका जताई कि जंगल के ऊपर कोई काम चल रहा है, वहीं से पत्थर गिराया गया है। इसी कारण महिला की मौत हुई है। उन्होंने इसकी जांच करने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। फिलहाल, पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कर दिया है। बता दें कि पहाड़ी इलाकों में महिलाएं रोजमर्रा की जरूरत यानी घास, चारा पत्ती, जलावन लकड़ी, बिछावन आदि के लिए जंगल जाती हैं। जहां कई बार उनके साथ हादसा हो जाता है। जिसमें या तो वो घायल हो जाती हैं या फिर उन्हें जान गंवानी पड़ती है। इसी साल फरवरी महीने में रुद्रप्रयाग के रामपुर के न्यालसू जंगल में घास काटने गई गीता देवी नाम की एक महिला की पहाड़ी से फिसलकर दर्दनाक मौत हो गई थी।
पिछले साल भी चमोली के नारायणबगड़ क्षेत्र में घास लेने जंगल गई गडसिर गांव की कृष्णा देवी की चट्टान से गिरकर मौत हो गई थी। इसके अलावा वन्यजीवों के हमले में भी महिलाएं अपनी जान गंवा रही है। बीती रोज भी चमोली के बूंगा गांव में चारा पत्ती लेने जंगल गई गोविंदी देवी पर भालू ने हमला कर दिया था। जिसमें वो बुरी तरह से घायल हुई है।
