सिलिंडर में आग लगने से धमाके के बाद अफरा-तफरी

रूद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड में सुबह एक हादसा हो गया। यहां एक होटल में सिलिंडर में आग लगने से धमाका हो गया। हादसे के चलते यहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम आग पर काबू पाने में जुटी।
शुक्रवार सुबह हुए धमाके के चलते कुछ देर के लिए यात्रा रोक दी गई। आपदा प्रबंधन और एसडीआरएफ ने आग को बुझाया। गनीमत रही कि हादसा बड़ा नहीं हुआ। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह लगभग 7.30 बजे गौरीकुंड में न्यू वर्षा होटल में सिलिंडर में आग लग गई। एनडीआरएफ व पुलिस की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के दौरान कुछ देर के लिए यात्रियों को रोका गया था। आग पर काबू पाने के बाद पुनः यात्रा शुरू कर दी गई।
पर्यटक गंगा में डूबा तलाश जारी
ऋषिकेश। शुक्रवार सुबह मुनिकीरेती के तपोवन सच्चा धाम घाट के समीप दिल्ली का एक पर्यटक नहाते वक्त गंगा में डूब गया। उसका कहीं पता नहीं चल पाया। जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर उसे तलाश रही हैं।
जानकारी के अनुसार सच्चा धाम घाट के समीप दिल्ली से आए कुछ पर्यटक नहा रहे थे। इनमें शामिल एक व्यक्ति गंगा के तेज बहाव में डूब गया। साथियों ने मदद के लिए आवाज लगाई। बाद में जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
एसडीआरएफ के निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि दिल्ली से पांच लोग यहां घूमने आए थे। गंगा में नहाते वक्त एक पर्यटक देवनारायण पुत्र शत्रुघ्न राय, उम्र 40 वर्ष, निवासी मंदिर वाली गली टिकरी बार्डर दिल्ली गंगा में डूब गया। यह व्यक्ति दिल्ली में कबाड़ी का व्यापार करता है। एसडीआरएफ की टीम और इनमें शामिल गोताखोर इस व्यक्ति को गंगा में तलाश रहे हैं।