कार खाई में गिरने से दो पर्यटकों की मौत, दो गंभीर घायल

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में भीषण सड़क हादसा हुआ है। उत्तर प्रदेश के उन्नाव से घूमने और कैंची धाम के दर्शन करने आए पर्यटकों की कार गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। दो लोग घायल हुए हैं।
उन्नाव से जागेश्वर और कैंची धाम दर्शन के लिए आए पर्यटकों की कार खाई में गिर गई। नैनीताल के गेठिया क्षेत्र में इन पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। कार में उन्नाव के चार पर्यटक सवार थे जिसमें से दो लोगों की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस, दमकल और एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी अंकित चौधरी अपने दोस्त अभिराज, अतुल दुबे और श्याम के साथ घूमने के लिए जागेश्वर जा रहे थे। नैनीताल के गेठिया क्षेत्र में इसकी कार अचानक नियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गयी। वाहन गिरने की तेज आवाज सुन स्थानीय निवासी कविता गंगोला ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना के बाद तल्लीताल थाना एसआई सतीश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच दमकल और एसडीआरएफ की टीम ने पहुंच कर रेस्क्यू अभियान चलाया। क्षतिग्रस्त वाहन के नीचे दबे पर्यटकों को किसी तरह बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार पीताम्बर नगर उन्नाव निवासी अंकित चौधरी और अभिराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सतीश उपाध्याय ने बताया कि हादसे में अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों को रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाया गया है। घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी भिजवाया गया है।
एसडीआरएफ के सब इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी ने बताया कि कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के आधार पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। खाई में चार लोग कर के अंदर फंसे मिले। उनमें से दो गंभीर घायलों को रेस्क्यू किया गया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर हल्द्वानी हायर सेंटर भेजा गया है। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दोनों मृतकों को खाई से बाहर निकाल कर पुलिस के हवाले किया है, जिनका अब पोस्टमार्टम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *