रक्षा मंत्री 21 को करेंगे सैनिक स्कूल घोडाखाल का दौरा
नैनीताल। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 मार्च को नैनीताल स्थित प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के दौरे पर रहेंगे। इस अवसर पर वह स्कूल के हीरक जयंती समारोह में शिरकत करेंगे। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल अपने स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है, जिसके तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। वहीं रक्षा मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के लिए केंद्रीय व राज्य स्तर की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं।
गौर हो कि नैनीताल जिले में स्थित सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शिरकत करेंगे। स्कूल की प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन मधु शेगर ने जानकारी देते हुए बताया कि रक्षा मंत्री का आगमन सुबह लगभग 11रू30 बजे प्रस्तावित है। उनके पहुंचने पर स्कूल परिसर में छात्र-छात्राओं द्वारा उन्हें आकर्षक गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद रक्षा मंत्री को स्कूल के गौरवशाली इतिहास और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से रक्षा मंत्री को उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगे।
रंगारंग प्रस्तुतियों में पारंपरिक लोक नृत्य और संगीत की झलक देखने को मिलेगी, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग और भी गहरा होगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्र, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे। सुरक्षा के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम को लेकर स्कूल प्रशासन और छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रस्तावित सैनिक स्कूल घोड़ाखाल दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। गुरुवार को केंद्रीय व राज्य स्तर की सुरक्षा एजेंसियों, जिला प्रशासन और स्कूल प्रशासन के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में रक्षा मंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन सहित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी, एसडीएम कैंची धाम, सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य सहित पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
