अंकिता को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरी कांग्रेस
हरिद्वार। लक्सर में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए पूर्व सीएम हरीश रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। लक्सर के आर्य समाज बसेड़ी रोड से प्रदर्शन में जमकर नारेबाजी करते हुए लक्सर नगर में होते हुए हरिद्वार रोड शुगर मिल गेट के सामने पहुंचे और जमकर प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार पर बरसे। इस दौरान हरीश रावत ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
इस मौके पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि यह जन की भावना है तब तक उस कथित वीआईपी के ऊपर एफआईआर दर्ज नहीं हो जाती और वह कानून के दायरे में नहीं आ जाता कांग्रेस प्रदर्शन करती रहेगी। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई या सुप्रीम कोर्ट के जज की अध्यक्षता में जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड चुनावी मुद्दा नहीं है। चुनाव के लिए बहुत से मुद्दे हो सकते हैं। कांग्रेस का लक्ष्य उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने का है।
इसके लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ी जाएगी। कांग्रेस अंकिता को इंसाफ दिलाने के लिए पूरा जोर लगाएगी। कहा कि जगजाहिर यह कोई कांग्रेस और भाजपा का मामला नहीं है। इस मामले से आम आदमी भी इस बात से परिचित है कि जब अंकिता की हत्या हुई तो सरकार तब से ही आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। हत्या में शामिल पुलकित के मोबाइल को भी अभी तक सरकार ने ट्रेस नहीं कराया है और ना ही अंकिता के मोबाइल को ट्रेस कर पाए। रिजॉर्ट में साक्ष्यों को नष्ट किया गया और रिसॉर्ट में जेसीबी चलाई जाती है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों को तोड़ा जाता है। उस पर सरकार कार्रवाई नहीं कर पा रही है।
बता दें कि उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड का मामला सुर्खियों में बना हुआ है। जिसको लेकर कांग्रेस लगातार बीजेपी को घेर रही है। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी का नाम सामने आने के बाद समूचे उत्तराखंड में जन आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में धरना-प्रदर्शन हो रहे हैं। भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर के ऑडियो के बाद कांग्रेस को बैठे बैठिए मुद्दा मिल गया है। इस रिकॉर्डिंग में अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक वीआईपी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के नाम सामने आने के बाद कांग्रेस सरकार को घेर रही है।
