देहरादून की धरती से उठेगी लोकतंत्र बचाने की गर्जनाः नवीन जोशी

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस महासचिव नवीन जोशी ने प्रदेश कांग्रेस द्वारा 30 अप्रैल को आयोजित “संविधान बचाओ रैली” को सफल बनाने हेतु आज देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों कृ जाखन, सहस्त्रधारा रोड, जीएमएस रोड, धर्मपुर, सब्जी मंडी, जोगीवाला, गढ़ी कैंट और कांवली रोड आदि क्षेत्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं एवं जनता से संवाद किया।
इस अवसर पर श्री जोशी ने कहा कि आज हमारा संविधान, जो देशवासियों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है, गहरे संकट में है। लोकतांत्रिक संस्थाओं पर निरंतर हमले हो रहे हैं और जनता की आवाज को दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह केवल एक राजनीतिक संघर्ष नहीं, बल्कि हमारे भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों की लड़ाई है। श्री जोशी ने कहा कि हम सबका नैतिक कर्तव्य है कि हम अपने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संगठित हों। संविधान, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी का वह महान सपना है, जिसने हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान का दर्जा दिया। आज जब संविधान को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं, तब चुप रहना भी अन्याय में सहभागी होने के समान है।
उन्होंने कहा कि 30 अप्रैल 2025 को देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित ‘संविधान बचाओ’ जनसभा इसी संकल्प का प्रतीक होगी। हम सब मिलकर एक स्वर में सत्ता को यह संदेश देंगे कि भारत का लोकतंत्र अडिग है और रहेगा। नवीन जोशी ने देहरादून सहित पूरे उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, बुद्धिजीवियों एवं आम जनता से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर घर-घर “संविधान बचाओ” का संदेश पहुँचाएँ और 30 अप्रैल को रेंजर्स ग्राउंड में ऐतिहासिक भागीदारी कर इस महाअभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक रैली नहीं, बल्कि हमारे अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने का एक यज्ञ है। इसमें हर जागरूक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। आइए, हम सब मिलकर संविधान की इस पुकार पर एकजुट हों और इतिहास रचें। इस अवसर पर अजीत शर्मा,गोपाल सिंह गाड़िया,केसी त्रिपाठी पारस गुप्ता विशाल कुमार राजेश शर्मा धीरज शाही आदि भी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *