सरकार गंभीर, यात्रा मार्ग के ढाबों, रेस्टोरेंटों में नहीं आने दी जाएगी एलपीजी कमीः महेंद्र भट्ट

देहरादून। भाजपा ने चार धाम यात्रा को देखते हुए, केंद्र द्वारा एलपीजी कोटे में की गई वृद्धि का स्वागत किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भरोसा दिलाया कि यात्रा को लेकर ढाबों, रेस्टोरेंटों में एलपीजी और वाहनों के लिए पेट्रोलियम पदार्थों की कमी नहीं होने दी जाएगा। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में इस वर्ष की यात्रा सफल, सुगम, सुरक्षित और नए रिकॉर्ड कायम करने वाली होगी। वहीं सभी लोगों से यात्रा मार्ग में एलपीजी, पेट्रोल डीजल की कमी की अफवाहों से बचने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, वर्तमान खाड़ी युद्ध संकट के चलते उत्तराखंड सरकार भी एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता को लेकर गंभीरता से कदम उठा रही है। इसी क्रम में 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को लेकर भी इस मुद्दे पर सरकार गंभीर है। उन्होंने सफल और सुरक्षित यात्रा की दृष्टि से प्रदेश सरकार की तैयारियां पर संतोष व्यक्त किया। कहा, आज एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थों की देश और प्रदेश में पर्याप्त स्टॉक है। जिसमें पहले ही केंद्र सरकार, प्रदेश को 20 फ़ीसदी अतिरिक्त कोटा प्रदान कर चुकी है। चूंकि चार धाम यात्रा शुरू होने वाली है, ऐसे में यात्रा मार्गों पर संचालित होने वाले ढाबों, रेस्टोरेंट और होटल में एलपीजी को लेकर चिंता जताई जा रही थी। राज्य सरकार की तैयारी और केंद्र सरकार द्वारा 6 फीसदी अलग से कोटा देने के बाद, प्रदेश की यह चिंता भी अब समाप्त हो गई है। इसी तरह यात्रा मार्ग पर पेट्रोल डीजल सीएनजी की उपलब्धता पूरी तरह से बनी रहे इसको लेकर भी राज्य सरकार मुस्तैदी से कदम उठा रही है। उन्होंने यात्रा के दौरान आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने में केंद्र के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।
श्री भट्ट ने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आर्थिक रीढ़ है और लाखों लोगों का व्यवसाय इससे जुड़ा हुआ है। लिहाजा उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि पर्यटकों या तीर्थ यात्रियों की सभी संभव जरूरतों को लेकर अनधिकृत और अपुष्ट दावों पर अनावश्यक चर्चा से बचें। क्योंकि यात्रा के दौरान जरूरी खाने-पीने, आवास और ईंधन को लेकर फैलने वाली अफवाहों का नकारात्मक असर यात्रा पर पड़ सकता है। प्रदेश की जनता को सरकार की तैयारियां पर यकीन है कि एक भी यात्री को इस तरह की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। “अतिथि देवो भवः“ की भावना के साथ राज्य सरकार सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। लिहाजा विपरीत परिस्थितियों में भी मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में इस बार की यात्रा नए आयामों की छुएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *