हरिद्वार एवं देहरादून में “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” के माध्यम से उपभोक्ताओं को किया गया जागरूक

देहरादून। हरिद्वार में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित उत्पादों के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), देहरादून द्वारा जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र, हरिद्वार एवं सेतु फाउंडेशन के सहयोग से तथा कंज्यूमर कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून के निदेशक एवं शाखा प्रमुख सौरभ तिवारी के निर्देशन में जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र हरिद्वार में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय जैन उपाध्याय, श्री सिद्ध पीठ दक्षिण काली मंदिर, हरिद्वार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में अनंत शर्मा, चेयरमैन, कंज्यूमर कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया, डॉ. एम. सेल्वराज, नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट; डॉ. आर.के. थिरु तथा जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र के अध्यक्ष पंडित पदम प्रकाश शर्मा ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को उपभोक्ता अधिकारों, गुणवत्तायुक्त उत्पादों की पहचान, आईएसआई मार्क, हॉलमार्किंग तथा उपभोक्ता शिकायत निवारण तंत्र के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। वक्ताओं ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे हमेशा प्रमाणित एवं मानकयुक्त उत्पादों का ही उपयोग करें, जिससे उनकी सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून की मानक संवर्धन अधिकारी सरिता त्रिपाठी ने भी प्रतिभागियों को बीआईएस की विभिन्न गतिविधियों, उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रमों तथा ठप्ै केयर ऐप के माध्यम से उपभोक्ता शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
हरिद्वार में कार्यक्रम के उपरांत “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” देहरादून स्थित भारतीय मानक ब्यूरो के कार्यालय पहुँची, जहाँ कार्यालय के सभागार में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून के निदेशक एवं शाखा प्रमुख सौरभ तिवारी द्वारा कंज्यूमर कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया की पूरी टीम का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान अनंत शर्मा ने उपस्थित प्रतिभागियों को “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” के उद्देश्य एवं उपभोक्ता सशक्तिकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उपभोक्ताओं से जागरूक एवं जिम्मेदार उपभोक्ता बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर उपभोक्ता जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *