संत रविदास के विचार सामाजिक समरसता और समानता के आधारः गणेश जोशी

देहरादून। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा का मसूरी विधानसभा क्षेत्र के किशन नगर चैक पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर गणेश जोशी ने कहा कि संत रविदास ने अपने विचारों और जीवन दर्शन से समाज को समानता, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी सामाजिक भेदभाव समाप्त करने और समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं। उनका जीवन दर्शन ऐसे समाज के निर्माण का संदेश देता है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान, अवसर और अधिकार प्राप्त हों।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार संत रविदास के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही हैं। सरकार का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग का कल्याण, सम्मान और उत्थान सुनिश्चित हो तथा विकास की मुख्यधारा में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी समान अवसर और योजनाओं का लाभ मिले। जोशी ने कहा कि भाजपा की समरसता संकल्प यात्रा संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास है। यह यात्रा समाज में एकता, सद्भाव और समानता की भावना को और अधिक मजबूत करेगी। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्र नाथ शर्मा, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज, प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, विधानसभा प्रभारी विनय गोयल सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *