विशेष दिव्यांग शिविर में 42 दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए

देहरादून। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देशों के क्रम में बुधवार को गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय, देहरादून में विभिन्न विभागों के संयुक्त तत्वावधान में विशेष दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सा विभाग, समाज कल्याण विभाग, बाल विकास विभाग, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक तथा निर्वाचन विभाग के स्वीप प्रभाग ने प्रतिभाग किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करने वाले दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुलभ कराना तथा आगामी निर्वाचन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। शिविर में चिकित्सा विभाग द्वारा 42 दिव्यांगजनों का परीक्षण कर ’25 दिव्यांगता प्रमाण पत्र’ बनाए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले दिव्यांगजनों को शिविर स्थल तक लाने एवं शिविर के उपरांत वापस छोड़ने के लिए टैक्सी वाहन की व्यवस्था की गई, जिससे उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने शिविर में ’7 नए बैंक खाते’ खोले गए, जिससे लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की धनराशि प्राप्त करने में सुविधा मिल सके। वहीं, निर्वाचन विभाग के स्वीप प्रभाग द्वारा आगामी निर्वाचन में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिव्यांग मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं तथा सुगम एवं सुलभ मतदान के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही सक्षम ऐप के माध्यम से दिव्यांगजनों के पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि वे निर्वाचन के दौरान उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
इस प्रकार शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य सेवाओं, बैंकिंग सुविधाओं एवं निर्वाचन संबंधी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि दिव्यांगजनों को सरकारी सेवाओं का लाभ सहजता से प्राप्त हो तथा वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बन सकें।
इस अवसर पर डॉ. मनोज शर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी, दीपांकर घिल्डियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में इस प्रकार का अगला विशेष दिव्यांग शिविर 22 अक्टूबर को खंड विकास अधिकारी कार्यालय, डोईवाला परिसर’ में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित क्षेत्र के दिव्यांगजनों से अपील की गई है कि वे शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं एवं सुविधाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *