गंगा सहित प्रमुख्य नदियों का जलस्तर बढ़ा, अलर्ट जारी
देहरादून। पहाड़ों पर लगातार भारी बारिश हो रही है। जिसके कारण ऋषिकेश में गंगा उफान पर है। गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच चुका है। जल पुलिस ऋषिकेश घाट पर लगातार अनाउंसमेंट के जरिए श्रद्धालुओं को सचेत कर रही है। वहीं, भारी बारिश के बीच अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर निर्धारित वार्निंग लेवल से ऊपर पहुंच गया है। सुबह 10 बजे प्राप्त सूचना के अनुसार अलकनंदा नदी का जलस्तर 626.100 मीटर, जबकि मंदाकिनी नदी का जलस्तर 625.100 मीटर दर्ज किया गया।
दोनों नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे बसे क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए डीईओसी रुद्रप्रयाग अलर्ट मोड पर है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की चेतावनी दी जा रही है।
प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर एवं अन्य माध्यमों से लोगों को नदी के समीप न जाने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर जाने की अपील की जा रही है। वहीं, संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को भी सतर्क रखा गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया भारी बारिश के चलते दोनों नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने नदी किनारे और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से नदी के आसपास न जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोग तत्काल सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करें।
मौसम विभाग ने भारी बारिश के दौरान खासकर पहाड़ी इलाकों में लोगों से सफर न करने की अपील की है। क्योंकि भारी बारिश में पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए जितना हो सके पहाड़ों पर सफर करने से बचें। मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए फिलहाल चारधाम यात्रा को भी रोका गया है। केदारनाथ हेली सेवा भी बंद हैं। सरकार और प्रशासन ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।
