परिवार को बंधक बनाकर आभूषण और नकदी लूटी

देहरादून। जिले के विकासनगर में बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया और फिर लूटपाट की। इस दौरान बदमाशों ने घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक विकासनगर के बरोटीवाला में जमनीपुर रोड पर ग्रेट वैल्यू स्कूल है। उसी के परिसर में मौजूद एक घर में गोपाल सिंह राठौर और उनकी पत्नी नीलम राठौर अपने बेटे के साथ रहते है। बताया जा रहा है कि उसी घर में तड़के तीन से चार बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने हमला बोला।
नीलम राठौर ने बताया कि 3.15 बजे के करीब उनके घर में दो लोग आए थे, जिन्होंने मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था। नीलम राठौर का कहना है कि जब वो कमरे में अंदर आए तो उन्हें किसी के आने का एहसास हुआ। नीलम राठौर के अनुसार जब उन लोगों से पूछा गया कि वो कौन है, तो बदमाशों ने उसे और उसके पति गोपाल सिंह राठौर को मारना शुरू कर दिया। जब उन्होंने हाथ जोड़कर उनसे पूछा कि क्या बात हो गई तो उन्होंने प्रिंसिपल के बारे में जानकारी ली।
नीलम राठौर ने बदमाशों को बताया कि प्रिंसिपल विकास नगर में रहते हैं। इसके बाद बदमाशों ने नीलम राठौर के बारे में जानकारी ली तो नीलम में बताया कि वो यहां स्कूल की देखभाल के लिए रहते हैं। इस पर बदमाशों ने नीलम राठौर से कहा कि उन्हें प्रिंसिपल को मारने की सुपारी मिली है, अगर तुमने मुंह खोला या चिल्लाए तो तुम्हें भी मारेंगे। यदि चुप रहोगे तो तुम्हे कोई कुछ नहीं कहेगा।
नीलम राठौर का आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने उनकी अलमारियां खोली और उसमें रखा रुपए और करीब 90 हजार रुपए की ज्वैलरी लेकर चले गए। आखिर में बदमाशों ने तीनों के हाथ बांधे और दरवाजा बंद करके भाग गए। नीलम राठौर का कहना है कि उन्होंने किसी तरह कमरे की खिड़की खोली और पड़ोसियों को आवाज लगाई, तब तक सुबह के चार बज गए थे।
पड़ोसियों ने आकर गेट खोला और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद करीब 4.20 पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नीलम राठौर ने पुलिस को बताया कि तीन लोग आए थे, जिसमें दो कमरे के अंदर घुसे थे, जबकि एक बाहर ही खड़ा था। नीलम के अनुसार एक बदमाश के हाथ में मोटा डंडा था, जबकि दूसरे के हाथ में लोहे की रोड थी, जिससे उन्होंने उनके पति को मारा था। इस मामले में सीओ विकासनगर विवेक कुटियाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किए गए है। मुकदमा दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *