सहकारिता से ग्रामीण अर्थव्यवस्था होगी मजबूतः पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में सहकार भारती उत्तराखंड की आयोजित ‘श्री लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग’ के शुभारंभ सत्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता को सशक्त बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में नेतृत्व प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, एम-पैक्स की मजबूती से गांव सशक्त होंगे और मजबूत गांव समृद्ध उत्तराखंड की आधारशिला बनेंगे। उन्होंने कहा कि पंतनगर से सहकारिता को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई हैं। इनमें ‘सहकार ग्रंथ’ का लोकार्पण, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ की पहल, सहकारिता से संबंधित नए पाठ्यक्रम की शुरुआत, युवाओं को सहकारिता से जोड़ने के लिए सोशल मीडिया अभियान और एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल हैं। इन पहलों से राज्य में सहकारिता क्षेत्र को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
धामी ने कहा कि पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में पलायन रोकने, पर्वतीय कृषि को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में सहकारिता प्रभावी माध्यम बन सकती है। पैक्स राज्य की सहकारिता व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं और बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप इन्हें एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एम-पैक्स के माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में काम किया जा रहा है। एम-पैक्स को प्रभावी बनाने के लिए कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व जरूरी है। नेतृत्व प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल जानकारी बढ़ाना नहीं, बल्कि नई सोच, कार्यदृष्टि और दिशा विकसित करना भी है।
उन्होंने कहा कि किसान, युवा और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। प्रयास है कि सहकारिता केवल समितियों तक सीमित न रहकर जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बने तथा इसका लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेन्द्र कुमार कश्यप, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल और प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी सहित अन्य पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
