कार खाई में गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, एक गंभीर
पौड़ी गढ़वाल। जिले में बड़ा हादसा हो गया। देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर सबदरखाल के पास कार के खाई में गिरने का मामला सामने आया है। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल भी बताया जा रहा है। हादसा शुक्रवार सात अगस्त सुबह को हुआ। फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर शुक्रवार को सबदरखाल के पास एक कार बेकाबू होकर खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि कार देवप्रयाग से पौड़ी की ओर आ रही थी। तभी अचानक सबदरखाल के पास ये हादसा हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई। एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया और खाई में उतरकर कार सवार छह लोगों को रेस्क्यू कर ऊपर सड़क पर लाई, लेकिन तब तक पांचों लोग दम तोड़ चुके थे। फिलहाल पुलिस हादसे में मारे गए लोगों की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।
वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे पहले पुलिस ने बागी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालात को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल को हायर सेंटर श्रीनगर भेजा गया है। फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ आसपास के इलाकों में खोज कर रही है कि कहीं कोई और व्यक्ति तो कार में सवार नहीं था। सभी लोग हरिद्वार के है, जो पौड़ी में कुछ काम से आ रहे थे। अभी दुर्घटना के कारणों का पता नही लग पाया है।
एसएसपी सर्वेश पंवार ने कहा कि सुबह करीब 11.30 बजे 112 पर थाना देवप्रयाग को पौड़ी मार्ग पर वाहन के खाई में गिरने की जानकारी मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की फोर्स मौके पर गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हुई है। सभी मृतक हरिद्वार जिले के लक्सर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। एक व्यक्ति घायल है, जिसे श्रीनगर हॉस्पिटल भेजा गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन में कुल सात लोग सवार थे, जिसमें 16 साल का बच्चा घायल हुआ है, जिसका नाम अरम हैं। जबकि पांच लोगों की मौत हुई है। वहीं एक व्यक्ति लापता है। दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति अभी भी लापता है। एसडीआरएफ की टीम निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस व अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर लापता व्यक्ति की तलाश हेतु सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार संचालित कर रही है।
हादसे में मारे गए लोगों के नाम
अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49 वर्ष)
गुफरान पुत्र अकबर (34 वर्ष)
सब्बू पत्नी अफजाल (40 वर्ष)
अनामिया पुत्री अफजाल (तीन वर्ष)
शादाब पुत्र अफजाल (14 वर्ष)
