अपनी मांगों को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों ने रैली निकाली

देहरादून। सोमवार को जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की जिला इकाई ने लंबित मांगों को लेकर परेड ग्राउंड से कलक्ट्रेट तक रैली निकाली। इस दौरान शिक्षकों ने टीईटी से छूट सहित 13 सूत्रीय मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। रैली के बाद शिक्षकों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा।
अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार शिक्षक संघ से जुडे शिक्षक यहा परेड मैदान में एकत्रित हुए और जुलूस की शक्ल में जिला मुख्यालय की ओर निकल पड़े। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इस स्थिति से शिक्षकों में गहरा असंतोष है।
जिला महामंत्री अश्वनी कुमार भट्ट ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।
शिक्षकों की प्रमुख मांगों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट देने, बेसिक शिक्षकों को त्रिस्तरीय ढांचे के अंतर्गत पीआरटी, टीजीटी एवं पीजीटी श्रेणी में पदोन्नति, पुरानी पेंशन योजना की बहाली तथा सेवाकाल में तीन पदोन्नतियां सुनिश्चित करने जैसी मांगें शामिल हैं। आंदोलन के तहत 29 मई को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में धरना और 8 जून को सचिवालय कूच प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *